छग के इकलौते कांग्रेसी सांसद महंत बने कृषि राज्य मंत्री
पिछले 7 वर्षों बाद यह केन्द्रीय मंत्री का पद 36 गढ़ राज्य को प्राप्त हुआ है। जहाँ एक तरफ कांग्रेस के आलाकमान ने छत्तीसगढ़ प्रदेश के कार्यकर्ताओं में जोश भरा है वहीं दूसरी तरफ राज्य की कांग्रेस गुटबाजी में एक नया त्रिकोणीय अलग-थलग नेतृत्व को भी नकारा नहीं जा सकता है। ज्ञात हो कि कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया के करीबी अजीत जोगी के अलावा राजनीति के चाणक्य विद्याचरण शुक्ल को भी आला कमान ने इस मंत्रिमंडल के विस्तार में भी तरजीह नहीं दी। ऐसे में चुनावी विश्लेषकों का दावा है कि, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का कदम छ.ग. राज्य में कांग्रेस कोई नया कीर्तिमान स्थापित नहीं कर पायेगा । जिसका लाभ स्पष्ट रूप से सत्ताधारी विपक्षी पार्टी को राज्य में ज्यों का त्यों बने रहने की संभावना है। ऐसे में देखना यह है कि 2014 मिशन में कांग्रेस छ.ग. में क्या जादू दिखा पाती है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा कि मंगलवार को किया गया मंत्रिपरिषद का फेरबदल 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले का अंतिम परिवर्तन है। लेकिन गठजोड़ धर्म का पालन करते हुए द्रमुक के लिए दो स्थान रिक्त रखे गए हैं।
राष्ट्रपति भवन में 11 मंत्रियों के शपथ लेने के बाद संवाददाताओं से बातचीत के दौरान सिंह ने कहा कि आज मंत्रिपरिषद में किये गए फेरबदल में राज्यों के बीच आवश्यक संतुलन, कार्यकुशलता और सरकार में निरंतरता को ध्यान में रखा गया है।
सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि जहां तक मेरा संबंध है, चुनाव से पहले यानी 2014 का यह आखिरी फेरबदल है। जहां तक संभव था इस कसरत को व्यापक किया गया है।
इस फेरबदल से कुछ मंत्रियों के नाखुश होने के मद्देनजर आने आने वाले दिनों में समस्याओं का सामना करने की आशंका के बारे में उन्होंने कहा कि मंत्रालयों का पुन: वितरण होने पर समस्याओं का उभरना स्वाभाविक है। हमने देश के सर्वोच्च हितों को ध्यान में रखा है।
लोकसभा चुनावों से पूर्व अंतिम फेरबदल बताए जाने के साथ ही प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि दो मंत्री पद द्रमुक के लिए रिक्त रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारे गठबंधन धर्म का हिस्सा है। मुझे उम्मीद है कि उनकी ओर से जल्द ही फैसला किया जाएगा।
राहुल गांधी को अभी भी मंत्रिपरिषद में शामिल नहीं किए जाने का कारण पूछे जाने पर प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने उनसे मंत्रिमंडल में शामिल होने का कई बार आग्रह किया, लेकिन उन्होंने कहा कि संगठन में उनकी जिम्मेदारियां हैं। विवादों में घिरे रहने वाले जयराम रमेश को पदोन्नति के साथ पर्यावरण मंत्रालय से ग्रामीण विकास मंत्रालय सौंपे जाने के संबंध में प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके अनुभवों का इस मंत्रालय में बेहतर इस्तेमाल किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के एकमात्र लोकसभा सदस्य चरण दास महंत केंद्रीय मंत्रिमंडल में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री बनाए गए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
आपके विचारों का स्वागत है...